दिनांक: 09-AUG-2022
दिन: मंगलवार
स्थान: दिल्ली
कार्यक्रम विवरण
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद् दिल्ली ने तेरापंथ भवन रोहिणी में दिनाँक- 09.08.22, मंगलवार साध्वीश्री डॉ कुन्दनरेखा जी ठाणा-4 के सान्निध्य में जैन संस्कार विधि से रक्षाबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
तेयुप दिल्ली अध्यक्ष व संस्कारक श्री विकास सुराणा, संस्कारक श्री मनीष बरमेचा, संस्कारक श्री हिम्मत राखेचा ने मिलकर रक्षाबंधन को जैन संस्कार विधि से जैन मंत्रोच्चार द्वारा कैसे मनाया जाए उसकी जानकारी डेमो के माध्यम से श्रावक श्राविका समाज को दी। श्री विकास सुराणा ने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् की 355 शाखाएं पूरे देश में जैन संस्कार विधि जन जन की विधि बने, इस ओर प्रयासरत है। संस्कारक श्री मनीष बरमेचा ने बताया कि जैन संस्कार विधि वर्तमान समय की मांग है। इसमें बाहरी आडंबर,फिजूलखर्ची एवं हिंसा के अल्पीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। किसी भी मांगलिक प्रसंग या त्यौहार को सादगी से जैन मंत्रोच्चार के साथ मनाया जाने वाला यह महान उपक्रम है। इस माध्यम से संस्कारक जैन मान्यताओं को भी जन जन तक पहुचाने का कार्य करते है। साध्वीश्री जी ने अपने मंगल उद्बोधन में फरमाया कि गृहस्थ जीवन में जैन संस्कार विधि श्रावक समाज को अनावश्यक हिंसा व बाहरी आडंबर से बचा सकती है। संस्कारकों ने उपस्थित श्रावक समाज को रक्षाबंधन जैन संस्कार विधि से मनाने का आह्वान किया। डेमो में भाई बहन के रूप में श्री अमित डागा ने सुश्री लक्षिता बरमेचा से राखी बंधवाई। रोहिणी जैन श्रावक श्राविका समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। साध्वीश्री जी के मंगल पाठ के साथ कार्यशाला का समापन हुआ।
तेरापंथ युवक परिषद् दिल्ली
सेवा ▪️ संस्कार ▪️ संगठन
ॐ अर्हम्